मुख्यमंत्री बोले- अब डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी, स्थानीय उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षित करने का तैयार होगा मॉडल
रांची। झारखंड के 3,044 युवाओं के लिए सोमवार का दिन रोजगार की नई उम्मीद लेकर आया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये युवा प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़े हैं। इस दौरान प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास के बीच एआई प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ। टीवीएस फाउंडेशन के साथ भी एमओयू किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री से रोजगार सुनिश्चित नहीं होगा, बल्कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और बाजार की जरूरतों के अनुरूप हुनरमंद बनाना जरूरी है। एआई का दौर पूरी दुनिया के सामने है। ऐसे में पढ़ाई के साथ कौशल विकास भी बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार से भी जोड़ना है।

खनन और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को मिलेगा मौका
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया कि झारखंड की औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास का मॉडल तैयार करें। राज्य में खनन, स्टील, बिजली उत्पादन, सोना और यूरेनियम खनन जैसी गतिविधियां बड़े पैमाने पर हो रही हैं। इन क्षेत्रों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षित करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

लड़कियों के साथ लड़कों को भी नर्सिंग प्रशिक्षण।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग को केवल महिलाओं का पेशा मानने की सोच बदलनी होगी। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। टेक्सटाइल उद्योग में भी पुरुषों के लिए रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष के काम को लेकर पारंपरिक धारणाएं बदल रही हैं।

15 युवाओं को सरकार के खर्च पर पायलट ट्रेनिंग।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार चयनित 15 युवाओं को अपने खर्च पर कमर्शियल पायलट का प्रशिक्षण दिलाएगी। भविष्य में एयर होस्टेस कोर्स को भी इस पहल से जोड़ने की योजना है। वहीं कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि हुनरमंद युवा कभी कमजोर नहीं होता और अपने कौशल से परिवार व समाज को भी मजबूत बना सकता है।
कार्यक्रम में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, प्रेझा फाउंडेशन के निदेशक कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियां मौजूद थे।






