Search

November 24, 2026 8:09 pm

एसआईआर में एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटे, कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर करें सहयोग : विजय हांसदा

झामुमो की बैठक में मतदाता पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा, बीएलए-2 को सक्रिय करने और प्रशिक्षण देने पर जोर।

आमड़ापाड़ा/पाकुड़ । विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) में किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं पाए। इसके लिए झामुमो कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करें और नाम जुड़वाने में हरसंभव सहयोग दें। यह निर्देश राजमहल सांसद विजय हांसदा ने मंगलवार को पाडेरकोला पंचायत में आयोजित झामुमो की बैठक में दिया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा ने की। इसमें झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम भी मौजूद रहे। बैठक में आमड़ापाड़ा प्रखंड में चल रहे एसआईआर कार्य की समीक्षा की गई। सांसद विजय हांसदा ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में जुटें। बीएलए-2 और बूथ समिति के सदस्यों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर योग्य मतदाताओं की पहचान करनी चाहिए। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी की उपस्थिति में बीएलए-2 के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने का भी निर्देश दिया, ताकि पुनरीक्षण कार्य को सरल और प्रभावी बनाया जा सके।
वहीं, जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि कई बीएलए-2 इस महत्वपूर्ण कार्य में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं। प्रखंड अध्यक्ष और सचिव इस पर विशेष ध्यान दें तथा बीएलए-2 को सक्रिय कर प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी बीएलए-2, बूथ समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता क्षेत्र भ्रमण कर योग्य मतदाताओं की मदद करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।
बैठक में महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सुष्मिता मुर्मू, दिलीप मरांडी, धानों मरांडी, इमरान अंसारी, कालीदास मुर्मू, थॉमस मुर्मू, जहीरूद्दीन मियां, नारायण भगत, मंटू भगत, अली हुसैन अंसारी, संजीत, अबुल कलाम, कॉर्नेलियस हेंब्रम, मुन्ना भगत, रंजीत पंडित, नजीर सोरेन, संतोष भगत, तनवीर अली, बेंजामिन मरांडी, मरकुश किस्कू, बजल टुडू, जोसेफ मरांडी, ब्रेंथियस, सुहागनी, ढेना किस्कू सहित विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!