प्रधान-परगनैत को सम्मानित कर ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को सराहा, अंडर-15 क्रिकेट कैंप में चयनित सृष्टि और रेवेका भी सम्मानित।
पाकुड़। गांवों की व्यवस्था संभालने वाले पारंपरिक नेतृत्व को सम्मान देने के साथ जिले की खेल प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाने की पहल की गई। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय प्रधान एवं परगनैत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रधान और परगनैत को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास में प्रधान और परगनैत की भूमिका अहम है। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में उनका सहयोग जरूरी है। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सामूहिक प्रयास करने की अपील की। कहा कि पारंपरिक ग्राम नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं को नई गति मिल सकती है। कार्यक्रम में पाकुड़ की दो उभरती क्रिकेट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अंडर-15 बालिका क्रिकेट कैंप के लिए चयनित अनुसूचित जनजाति समुदाय की सृष्टि हांसदा और रेवेका मुर्मू को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। डीडीसी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता दूसरी बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। समारोह में पारंपरिक ग्राम नेतृत्व के सम्मान, ग्रामीण विकास में जनभागीदारी और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। मौके पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।











