28 नवंबर को रांची में मिलेगा प्रशस्ति पत्र, ग्रामीण विकास विभाग ने उत्कृष्ट कार्य के लिए चुना जिला।
पाकुड़। ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में पाकुड़ जिले ने राज्य स्तर पर अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। पात्र लाभुकों तक आवास योजनाओं का लाभ पहुंचाने में बेहतर प्रदर्शन के लिए झारखंड सरकार ने जिले को सम्मानित करने का फैसला लिया है। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पाकुड़ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उप विकास आयुक्त समेत पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर पर काम करने वालों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। उपायुक्त ने इसी कार्यशैली और प्रतिबद्धता के साथ आगे भी पात्र लाभुकों को पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।





