पाकुड़। झालसा, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर 45 मामलों का निष्पादन किया गया। मामलों के त्वरित एवं सुलहपूर्ण निपटारे के लिए कुल नौ बेंचों का गठन किया गया था। इन बेंचों के माध्यम से विभिन्न मामलों की सुनवाई करते हुए पक्षकारों के बीच समझौता कराया गया। लोक अदालत में कुल 6 लाख 14 हजार 500 रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई। इस आयोजन का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निपटारा कर आम लोगों को सुलभ और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना रहा। मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, वादी-प्रतिवादी, न्यायालय कर्मी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





