परिसीमन से बदलेगी पाकुड़ की तस्वीर, तेज होगा विकास: डॉ. मिस्फिका
पाकुड़: महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) और परिसीमन विधेयक देश की आधी आबादी के राजनीतिक सशक्तिकरण तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उक्त बातें भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री सह झारखंड उच्च न्यायालय की अधिवक्ता डॉ. मिस्फिका हसन ने कहीं।परिसीमन के बाद संथाल परगना और पाकुड़ जिले की आरक्षित (एसटी) विधानसभा व लोकसभा सीटों की संख्या या स्वरूप में बदलाव को लेकर विपक्ष द्वारा जताई जा रही आशंकाओं को सिरे से खारिज करते हुए डॉ. हसन ने कहा कि इस बिल से आरक्षित सीटों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासियों के उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सदैव गंभीर और संवेदनशील रही है। विपक्ष द्वारा आरक्षित सीटें कम होने का भ्रम फैलाया जा रहा है, जो निराधार है।

पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर के विकास को मिलेगी नई गति
डॉ. हसन ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण बिल लागू होने से पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर जैसे विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजमहल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इन विधानसभा सीटों में से कोई सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती है, जिससे स्थानीय महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा। यह विधेयक किसी के अधिकारों का हनन नहीं, बल्कि अवसरों का विस्तार है।

मूलभूत समस्याओं का होगा समाधान
भाजपा नेत्री ने कहा कि पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर विधानसभा क्षेत्र आज भी विकास के कई मानकों पर पिछड़े हुए हैं, जहां लोगों को पीने के स्वच्छ पानी के लिए झरनों पर निर्भर रहना पड़ता है और शिक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने के बाद जब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, तो क्षेत्र की पेयजल, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को मजबूती से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों विधेयकों के जल्द पारित होने और लागू होने का स्वागत करती है।






