Search

November 29, 2026 9:18 pm

फिटनेस के जुनून के साथ सड़कों पर उतरे युवा, साइकिल रैली से दिया स्वस्थ और सशक्त भारत का संदेश

संडे ऑन साइकिल’ की 100वीं कड़ी पर पाकुड़ और लिट्टीपाड़ा में आयोजन, स्लो साइकिल रेस में समीर अंसारी रहे अव्वल

पाकुड़। स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के संदेश के साथ रविवार को पाकुड़ जिले में युवाओं ने साइकिल रैली के जरिए फिटनेस का अलख जगाया। ‘संडे ऑन साइकिल’ की 100वीं कड़ी पर पाकुड़ और लिट्टीपाड़ा में विशेष आयोजन हुए। पाकुड़ में मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से साइकिल रैली और स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं लिट्टीपाड़ा में थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार और अंचलाधिकारी पवन कुमार की संयुक्त पहल पर साइकिल रैली निकाली गई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित पाकुड़ के कार्यक्रम की थीम ‘Pedalling Towards India’s Olympic Dream’ और ‘CWG Ki Baari Hai, Olympics Ki Taiyaari Hai’ रही। MY Bharat कार्यालय से डीएवी पब्लिक स्कूल तक निकली रैली में युवाओं और स्कूली प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद प्रतिभागी वापस MY Bharat कार्यालय पहुंचे। रैली के माध्यम से युवाओं ने नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और फिटनेस को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू नंदन साहा रहे। मौके पर 50 मीटर स्लो साइकिल रेस भी आयोजित हुई, जिसमें समीर अंसारी ने पहला, सुदीप दास ने दूसरा और राज पंडित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इधर, लिट्टीपाड़ा में ‘फिट रहेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ के संदेश के साथ साइकिल रैली निकाली गई। थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार और अंचलाधिकारी पवन कुमार ने संयुक्त रूप से इसकी पहल की। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। साइकिल चलाना स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण है। आयोजन में पुलिस के दर्जनों जवान शामिल हुए। पाकुड़ के कार्यक्रम में शिक्षिका श्युली कुमारी घोष, डीएवी के पीईटी शिक्षक गोपाल बिस्वास, MY Bharat के नूर आलम अंसारी, खुशबू, चंदन रॉय, नजमी शेख, जोस्मोल शेख सहित स्वयंसेवक मौजूद रहे। पाकुड़ राज +2 विद्यालय की NSS इकाई ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!