चौक-चौराहों पर लोगों को दी जानकारी, 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध है आपातकालीन सेवा।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। आपात स्थिति में मदद के लिए अब थाने का चक्कर लगाने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस, मेडिकल सहायता, आगजनी या सड़क दुर्घटना जैसी आपात परिस्थितियों में सिर्फ एक कॉल पर मदद मिल सकती है। डायल 112 की इसी सुविधा को लेकर महेशपुर थाना प्रभारी अजय उपाध्याय ने विभिन्न चौक-चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायल 112 पर कॉल करते ही सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित थाना और नजदीकी गश्ती दल तक पहुंचती है, ताकि जरूरतमंद को जल्द सहायता मिल सके। यह सेवा 24 घंटे और सातों दिन निःशुल्क उपलब्ध है। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि आपात स्थिति में बिना घबराए 112 पर कॉल करें, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल न करें। फर्जी और मजाकिया कॉल से वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य इस सुविधा को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि आपात समय में हर व्यक्ति को तत्काल सहायता का रास्ता पता हो।








