महेशपुर अंचल के मौजा हाथीमारा में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी गोचर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार और संजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी में तीन जेसीबी मशीनों से 49 अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई से पहले ही दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें खाली कर दी थीं। इसके बाद प्रशासन ने सभी निर्माणों को गिराकर जमीन को पूरी तरह खाली कराया। मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन ने स्थल पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह सरकारी गोचर भूमि है और यहां किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि इस जमीन पर अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया था। जांच के दौरान 49 दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जा पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। मौके पर महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, दंडाधिकारी संजय मुर्मू, अंचल निरीक्षक गुरु दास कर, अंचल अमीन उमाकांत यादव, कर्मचारी उपेंद्र यादव, एएसआई अमरजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, चौकीदार और महिला चौकीदार मौजूद रहे।







