पाकुड़: राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सदर अस्पताल सभागार में जिला स्तरीय ‘स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. मनीष कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. के. सिंह, महेशपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ. मनीष कुमार सिन्हा ने कहा कि किशोरावस्था जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है, जहां सही मार्गदर्शन, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली भविष्य की मजबूत नींव रखती है। स्वस्थ किशोर ही एक सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। डॉ. के. के. सिंह ने स्वास्थ्य को सबसे बड़ा धन बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से किशोरों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार ने कार्यक्रम के छह प्रमुख विषय—पोषण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, लिंग आधारित हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य, नशीले पदार्थों का दुरुपयोग और गैर-संचारी रोग—पर विस्तार से जानकारी दी। एनजीओ सी.थ्री के कार्यक्रम समन्वयक कुंदन सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य आरोग्य दूतों को सम्मानित किया गया। इस पहल से न केवल सम्मानित किशोरों का उत्साहवर्धन हुआ, बल्कि अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य पदाधिकारी, कार्यक्रम समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





