अब्दुल अंसारी
पाकुड़िया प्रखंड के दूरदराज के गांव लागड़ूम , खजूरदंगाल , तलवा आदि गांवों में संचालित अबुआ आवास , दीदी बाड़ी , सिंचाई कूप आदि योजनाओं का निरीक्षण गुरुवार को बीपीओ जगदीश पंडित ने किया । निरीक्षण के दौरान अबुआ आवास के लाभुकों को यथाशीघ्र अधूरे आवासों को पूर्ण करने का निर्देश दिया । उन्होंने मौके पर बताया कि जिन लाभुकों को मनरेगा के तहत मिलने वाले 90 दिनों का मानव दिवस का लाभ किसी कारणवश नहीं मिल पाया है उसकी जानकारी शीघ्र अपने पंचायत एवं रोजगार सेवकों को दें ताकि उन्हें मानव दिवस का लाभ दिलाया जा सके । सिंचाई कूप के निरीक्षण के दौरान बीपीओ ने गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने का निर्देश उपस्थित सचिव एवं रोजगार सेवक को दिया । वहीं दीदी बाड़ी के निरीक्षण में लाभुकों को मौसमी फसलों की बेहतर देखभाल , समय पर पटवन आदि का निर्देश दिया । इस दौरान लाभुक सोनमुनि देवी का अबुवा आवास , मिरूदन मुर्मू , सबरी सोरेन का कूप निर्माण , नारायणी देवी का अबुवा आवास आदि अन्य योजनाओं का निरीक्षण किया गया ।





