पाकुड़ फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष को दी बधाई
सुदीप कुमार त्रिवेदी
आल इंडिया फेयर प्राइस फेडरेशन के लगातार दबाव ने आखिरकार रंग लाया, जिसके तहत केंद्र सरकार ने जन वितरण प्रणाली की दुकानों को पेपरलेस करने का आदेश जारी करते हुए सभी राज्यों के प्रधान सचिवों को उक्त आदेश के पालन करने के संबंध में परिपत्र जारी किया है । केंद्र सरकार के उक्त आदेश के बाद जनवितरण प्रणाली की दुकानों से तमाम तरह की स्टाक पंजी रखने की अपरिहार्यता समाप्त हो गई है। इस आशय की जानकारी पाकुड़ फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अब्दुस सलाम ने भारत सरकार के खाद्य मंत्रालय द्वारा जारी आदेश की प्रति साझा करते हुए दी । अब्दुस सलाम ने इस सफलता का श्रेय झारखंड फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा को देते हुए कहा कि झारखंड के 25 हजार पी डी एस के दुकानदारों की मांगों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा के अथक परिश्रम ने आखिरकार रंग लाया। पाकुड़ फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने खुशी जाहिर करते हुए इसके लिए एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा एवं भारत सरकार के प्रति साधुवाद जाहिर किया ।





