Search

October 5, 2026 9:34 pm

सड़क योजना चयन के विरोध में 8 अक्टूबर को धरना देंगे वंचित पार्षद।

11 वार्डों की योजनाओं की वैधानिकता जांचने और 21 वार्डों में नए सिरे से योजना चयन की मांग।

पाकुड़। नगर परिषद पाकुड़ में सड़क मद से संबंधित योजना चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। योजना से वंचित पार्षदों ने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए 8 अक्टूबर को नगर परिषद कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस संबंध में पार्षदों ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना आयोजित करने की अनुमति मांगी है। आवेदन में पार्षदों ने कहा है कि योजना चयन के मामले में पूर्व में भी कई बार आवेदन और अभ्यावेदन देकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विभागीय मंतव्य प्राप्त होने तक आगे की कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया गया था। उनका कहना है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा है। पार्षदों ने मांग की है कि विभागीय मंतव्य प्राप्त होने तक संबंधित योजना के एकरारनामा, कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) समेत अन्य अग्रेतर कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही स्थायी समिति से पारित 11 वार्डों की योजनाओं की वैधानिकता और नियमसम्मतता की जांच कराने की मांग की गई है। पार्षदों का कहना है कि यदि योजना चयन में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित निविदाओं को निरस्त कर सभी 21 वार्डों के लिए नियमानुसार नए सिरे से योजना चयन किया जाए। प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में करीब 100 लोगों के शामिल होने की बात आवेदन में कही गई है। कार्यक्रम के दौरान ध्वनि-विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल की भी अनुमति मांगी गई है। विरोध स्वरूप नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी के प्रतीकात्मक पुतलों का दहन किए जाने का भी उल्लेख आवेदन में किया गया है। पार्षदों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। प्रशासन की ओर से निर्धारित शर्तों एवं निर्देशों का पालन करने तथा हिंसा, अभद्रता, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या आम नागरिकों के आवागमन में अनावश्यक बाधा उत्पन्न नहीं करने की बात कही गई है। आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!