Search

September 29, 2026 8:57 pm

कोर्ट रोड पर अब नो-पार्किंग, 500 मीटर तक वाहन खड़ा किया तो कार्रवाई।

10-15 टोटो जब्त, 24 घंटे में सड़क से सामान हटाने का अल्टीमेटम; एक सप्ताह में बनेगी पार्किंग।

पाकुड़। शहर की सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर परिवहन विभाग, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 10 से 15 टोटो जब्त कर नगर थाना में रखे गए। जब्त वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, पाकुड़ नगर के सहायक थाना प्रभारी शनि सुप्रभात, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन और नगर परिषद के सिटी मैनेजर मनीष कुमार के नेतृत्व में डीसी आवास चौक, सरकारी बस स्टैंड, कोर्ट परिसर चौक, अंबेडकर चौक, हरिणडांगा बाजार, गांधी चौक, स्टेशन चौक, खुदीराम बोस चौक और रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 समेत विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया।

कोर्ट रोड पर 500-500 मीटर तक पार्किंग पर रोक

प्रशासन ने कोर्ट परिसर के मुख्य मार्ग को लेकर विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। कोर्ट परिसर मुख्य मार्ग से 500 मीटर आगे और 500 मीटर पीछे तक सड़क किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े नहीं किए जा सकेंगे। जिला प्रशासन निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी में है। इसके लिए स्थल चयन किया जा रहा है और एक सप्ताह के भीतर पार्किंग व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

24 घंटे का समय, फिर सामान होगा जब्त

अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकान का सामान, टेबल-कुर्सी, प्लास्टिक टेंट, बांस-बली और अन्य सामग्री रखकर रास्ता घेरने वालों को अंतिम चेतावनी दी गई। ऐसे दुकानदारों और गैराज संचालकों को 24 घंटे के अंदर सड़क से सामान हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद प्रशासन सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है।

टोटो-ऑटो में आगे-पीछे नंबर प्लेट जरूरी

परिवहन विभाग ने जिले में संचालित सभी टोटो और ऑटो के लिए आगे और पीछे दोनों तरफ नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया है। बिना नंबर प्लेट के वाहन मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।

डीटीओ ने कहा- जाम के लिए सड़क को पार्किंग न बनाएं

जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने दुकानदारों, गैराज संचालकों और आम लोगों से सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर खराब वाहन खड़े करने या सामान फैलाने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ती है। प्रशासन ने साफ किया है कि पाकुड़ शहर में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!