डेढ़ माह की बच्ची का शव भी पास में मिला, पति ओडिशा में था, घर से निकलने के बाद दोनों की चल रही थी तलाश
सानू कुमार
महेशपुर (पाकुड़)। चार दिन से लापता एक महिला और उसकी डेढ़ माह की दूधमुंही बच्ची के शव बुधवार शाम मालधारा पहाड़ पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव एक पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला, जबकि बच्ची का शव पास में पड़ा था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची महेशपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान महेशपुर-कालीदाहा स्कूल टोला निवासी संतोष हांसदा की पत्नी होपनटी बेसरा और उसकी डेढ़ माह की बच्ची के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार होपनटी रविवार तड़के करीब चार बजे बच्ची को लेकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। ससुराल और मायके पक्ष के लोग लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे। बताया गया कि घटना के समय होपनटी का पति संतोष हांसदा मजदूरी के सिलसिले में ओडिशा में था। पत्नी और बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद वह गांव पहुंचा और परिजनों के साथ उनकी तलाश में जुट गया। बुधवार शाम मायके पक्ष के लोगों को मालधारा पहाड़ पर दोनों के होने की जानकारी मिली। वहां पहुंचने पर महिला का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि बच्ची का शव पास में पड़ा था।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच की
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि शर्मा, एसआई दीपक कुमार, अजय कुमार महतो समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।






