विश्व हाथ धुलाई दिवस पर पाकुड़ में चला जागरूकता अभियान, बच्चों ने ली स्वच्छता और जल संरक्षण की शपथ
हिरणपुर (पाकुड़)। साबुन से हाथ धोने की आदत बीमारियों से बचाव का सबसे आसान तरीका है। इसी संदेश के साथ गुरुवार को विश्व हाथ धुलाई दिवस पर पाकुड़ जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जल जनभागीदारी अभियान के तहत बच्चों को स्वच्छता, संक्रमण से बचाव और जल संरक्षण का महत्व बताया गया। हिरणपुर के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भोजन से पहले और शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथ धोने की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि हाथों की नियमित सफाई से कई संक्रमणों और बीमारियों से बचा जा सकता है।
रैली से दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ ली। इसके बाद जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई अपनाने, पानी की बर्बादी रोकने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद गोस्वामी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जल सहिया दीवाली देवी, बिष्णुप्रिया चार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।







