पाकुड़िया (पाकुड़) : महेशपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को पाकुड़िया डाकबंगला परिसर में कांग्रेस की ओर से प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने की, जिसमें महिला आरक्षण बिल समेत संगठनात्मक और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सटीक और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत यदि किसी मतदाता का नाम, पता या अन्य विवरण गलत है, तो उसे अविलंब सुधारने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर उसे जल्द ठीक कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। कार्यक्रम में महिला आरक्षण बिल पर भी चर्चा करते हुए इसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव देवीलाल मुर्मू, जिला महासचिव उपेंद्र सिंह, महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष, पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष इस्लाम मियां, सचिव कमाल अंसारी, कलीमुद्दीन शेख सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।








