Search

April 8, 2026 8:38 pm

चैत माह में माँ ग्राम रक्षा मंदिर में विशेष पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पाकुड़। शहर के हरतिकी तल्ला (रजिस्ट्री ऑफिस के पास) स्थित माँ ग्राम रक्षा मंदिर में चैत माह के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय एवं दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माँ की पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए और माता से अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर के पुरोहित लाल कुमार राय ने बताया कि इस मंदिर में पिछले लगभग 150 वर्षों से नियमित रूप से पूजा होती आ रही है। प्रत्येक वर्ष चैत महीने में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है, जिसके बाद परंपरागत रूप से बलि भी दी जाती है। यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस विशेष आयोजन में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, जिससे मंदिर परिसर में एक अलग ही धार्मिक वातावरण बन जाता है। इस आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

img 20260407 wa00144616170130707303472
img 20260407 wa00156057730941619255900

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!