मो अफजल/फतेहपुर
फ़तेहपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम बनगढ़ी निवासी मनीरुद्दीन अंसारी उम्र लगभग 75 वर्ष, जो बीते लगभग एक माह से लापता थे, उनका शव गुरुवार को गोमरू पहाड़ क्षेत्र से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि मनीरुद्दीन अंसारी की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं रहती थी। परिजनों द्वारा स्थानीय थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार वे दिनांक 1 दिसंबर 2025 को घर से बिना कुछ बताए निकल गए थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की और आसपास के गांवों, रिश्तेदारों व संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई, लेकिन कहीं से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार खोजबीन के बावजूद जब मनीरुद्दीन अंसारी का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने स्थानीय पुलिस को लिखित आवेदन देकर उनके लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस स्तर से भी आवश्यक पूछताछ और तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। दिनांक 1 जनवरी 2026 को स्थानीय ग्रामीणों ने मसलिया थाना अंतर्गत गोमरू पहाड़ क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को भी सूचित किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की पहचान मनीरुद्दीन अंसारी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम हेतु भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर किसी आपराधिक घटना के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस दुखद घटना से बनगढ़ी गांव सहित आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।








