पाकुड़: जिले में पत्थर का अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में खान निरीक्षक नवीन कुजूर तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की।
टीम ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नगर थाना क्षेत्र और महेशपुर थाना क्षेत्र के शहरग्राम में छापेमारी की। इस दौरान पत्थर लदे दो वाहनों को पकड़ा गया। विभागीय टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पाया गया कि दोनों वाहन बिना माइनिंग चालान के पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे थे। जब्त किए गए वाहनों में WB 93C 4620 (नगर थाना क्षेत्र) और WB 93E 5618 (महेशपुर थाना क्षेत्र) शामिल हैं। दोनों वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया गया है। बताया गया कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में खनन टास्क फोर्स की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि जिले में अवैध परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ आगे भी सघन जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।







