पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के महुआडांगा-तलवाडांगा गांव से रहस्यमय तरीके से गायब हुए महज पांच दिन के नवजात की तलाश में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। दो दिन बीतने के बाद भी मासूम का सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। बुधवार को दुमका सीआईडी की डॉग स्क्वायड टीम गांव पहुंची और खोजी कुत्ते की मदद से संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम में शामिल ट्रैकर राहुल कुमार और जय जोसेफ मरांडी ने बताया कि नवजात की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड को लगाया गया है और अभियान जारी है। टीम ने कई संभावित स्थानों को खंगाला, लेकिन समाचार लिखे जाने तक नवजात का कोई सुराग नहीं मिल सका। नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात की बरामदगी के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस टीम संभावित स्थानों के साथ घटना से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। नवजात के रहस्यमय तरीके से गायब होने के बाद से इलाके में सनसनी और चिंता का माहौल है। मौके पर एसडीपीओ कुमार गौरव, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई अनंत कुमार, एसआई रंजन कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस का दावा है कि मासूम की तलाश और घटना की असल वजह सामने लाने के लिए जांच लगातार जारी है।








