Search

April 26, 2026 5:38 pm

कोयला लोड कर जा रही डंपर कांदर नदी में जा पलटा

खदान से रेलवे साइडिंग के लिए निकला डंपर दुसरे रास्ते कैसे पहुंचा?

जांच कर रही है कोल कंपनी के अधिकारी व पुलिस

धीरेन साहा

पाकुड़: पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक से रविवार की देर रात कोयला लोड कर पाकुड़ रेलवे साइडिंग के लिए निकला डंपर जेएच16 एच 3701 पोखरिया गांव के पास रास्ता भटक गया और लौगांव के समीप कांदर नदी में पलट गया। मामले की जानकारी मिलते ही सुबह तकरीबन 3:30 बजे महेशपुर थाना प्रभारी आनंद पंडित सदलबल पहुंचे और केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। रात के अंधेरे में कोयला लोड डंपर का रूट डायवर्ट होने पर कई लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।अलबत्ता पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।वहीं, माइनिंग इंस्पेक्टर पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंच कर मुआयना किया और अग्रेतर कार्रवाई की बात कही।

क्या है मामला
रविवार को सुबह पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक के एमडीओ डीबीएल कंपनी के अंतर्गत चलने वाली मां अंबिका ट्रेडर्स (एमएटी) कंपनी की हाइवा संख्या जेच 16एच 3701 कोयला लोड कर पाकुड स्थित रेलवे साइडिंग के लिए निकला। पोखरिया में लगे दिनभर सड़क जाम के बाद देर रात जाम खुला। सूत्रों की मानें तो इस दौरान हाइवा चालक मकबूल शेख ने जमकर शराब पीया था। जिंदा बचे चालक ने महेशपुर पुलिस को बताया कि उसे नींद आ गई थी जिससे वह रास्ता भटक कर महेशपुर के रास्ते चला गया था। 7-8 किलोमीटर जाने के बाद जब उसे ध्यान आया कि वह रास्ता भटक गया है तो उसने डंपर को वापस घुमाया। इसी क्रम में असंतुलित होने से डंपर कांदर नदी में पलट गया। डंपर पलटने से उसमें मौजूद कोयले को आसपास के ग्रामीणों ने लूट लिया। वहीं, समाचार लिखे जाने तक एमएटी कंपनी द्वारा चालक मकबूल शेख के विरुद्ध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी।

ट्रांसपोर्टरों को चालक के बात पर नहीं हो रहा है विश्वास
कोयला ढुलाई में लगे कई ट्रांसपोर्टरों ने चालक के रास्ता भटकने की बात को मनगढ़ंत बताया है। ट्रांसपोर्टरों के अनुसार दिनरात एक ही रास्ते में चलने वाला ड्राइवर रात में ही रास्ता कैसे भटक गया। ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया है कि मिलीभगत कर कोयले की कालाबाजारी की कोशिश की जा रही थी। बहरहाल, यदि ट्रांसपोर्टरों का आरोप सच भी हो तब भी कोयला लोड डंपर महज कुछ किलोमीटर आगे टूटे चांडालमारा ब्रिज के कारण डायवर्सन पार कर नहीं जा सकता है। बहरहाल, पूरे मामले का खुलासा पुलिसिया जांच के बाद ही हो पाएगा।

क्या कहते हैं एसपी

महेशपुर थाना क्षेत्र में कोयला लोड एक डंपर के पलट जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर चालक की जान बचाई। पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। इसमें शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
हृदीप पी. जनार्दनन, एसपी, पाकुड़

क्या कहते हैं कंपनी के अधिकारी

यह एक गंभीर मामला है। इसकी गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
राकेश सिंह, मैनेजर, पीएसपीसीएल

डीबीएल के अंतर्गत चलने वाला एक कोयला लोड हाइवा रेलवे साइडिंग जाने के बजाए अन्य रास्ते में चला गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए कंपनी अपने स्तर से जांच करा कर कठोर कार्रवाई करेगी।
राधारमण रॉय, जीएम, डीबीएल

IMG 20231204 WA0019

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!