रांची। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान में आस्था और उत्साह का माहौल रहा। श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। जन्माष्टमी का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रतिभागी पहुंचे। दही हांडी प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और जन्मोत्सव में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से झारखंड में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा राज्य विकास और उन्नति के पथ पर लगातार आगे बढ़े। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।









