झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व कार्यवाहक चीफ जस्टिस और दिल्ली के लोकायुक्त हरीश चंद्र मिश्रा का आज यानी 3 सितंबर की सुबह नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से झारखंड के न्यायिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत जस्टिस एच. सी. मिश्रा का झारखंड के साथ बेहद गहरा और ऐतिहासिक संबंध रहा है।

वह राज्य के गठन के बाद वर्ष 2000 में वे झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने देवघर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रांची में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश (चारा घोटाला मामलों की सुनवाई) तथा देवघर व चाईबासा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वे झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JALSA) के सदस्य सचिव और झारखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी रहे। अप्रैल 2011 में उन्हें झारखंड उच्च न्यायालय में जज के रूप में पदोन्नत किया गया था और अगस्त 2019 से नवंबर 2019 तक उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का अहम पद संभाला था।





