पाकुड़िया प्रखंड सभागार में पंचायती राज विभाग के प्रोजेक्ट प्राण के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा के अधिकार और जिम्मेदारी विषय पर ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारम्भ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी और पंचायती राज पदाधिकारी त्रिदीप शील ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में प्रखंड के सभी गांवों के 43 ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में ग्राम सभा की जिम्मेदारी, उसके अधिकार, स्थाई समिति की जानकारी, पेसा कानून, मनरेगा में ग्राम सभा की भूमिका, ग्राम सभा का दस्तावेजीकरण और पंचायत को सशक्त बनाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षक त्रिदीप शील ने ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में ग्राम सभा के अनुपालन और प्रचार-प्रसार के साथ-साथ विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव दें। इनमें ग्रामीण सड़क निर्माण, सार्वजनिक कूप निर्माण या मरम्मत, तालाबों में घाट निर्माण, पुल-पुलिया, सामुदायिक शौचालय, नाली निर्माण और सरकारी तालाबों में मछली पालन शामिल हैं। मौके पर ग्राम प्रधान जगर हेंब्रम, सनत सोरेन, सागनेन टुडू, चुंडा टुडू, प्रकाश टुडू, जोगेंद्र हांसदा, जीवन मुर्मू सहित अन्य उपस्थित थे।











