Search

August 7, 2026 9:12 am

किसानों के साथ रोपा करने उतरीं मांडू बीडीओ रीना कुजूर, रोपा कर किसानों का बढ़ाया हौसला

अक्षय कुमार

मांडू। मांडू प्रखंड में धान रोपनी का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रीना कुजूर एवं प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों के बीच पहुंचकर खेत में उतरकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों को अपने बीच खेत में काम करते देख किसान भी उत्साहित नजर आए। बीडीओ रीना कुजूर ने किसानों एवं महिला कृषकों के साथ खेत में धान की रोपनी कर श्रम का सम्मान करते हुए उन्हें खेती के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी परवरिश भी ग्रामीण परिवेश में हुई है।

fb img 17860312641786870533924940405296
fb img 17860312609368235688431108756549

बचपन में वे अपने परिवार के साथ खेतों में रोपनी और अन्य कृषि कार्यों में हाथ बंटाया करती थीं। गांव, खेत और हरियाली से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत ही देश की समृद्धि की आधारशिला है और प्रशासन हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ा है। प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों तक अच्छी वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी किसान इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए समय पर धान की रोपनी का कार्य पूरा कर लें, ताकि बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके।उन्होंने किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए कहा कि सभी कृषक प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं।

fb img 17860312821973305781185115732444

फसल बीमा प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है तथा सरकार द्वारा निर्धारित सहायता का लाभ भी सुनिश्चित करता है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली तथा उन्हें कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। खेत में अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और किसानों से आत्मीय संवाद ने ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाया। किसानों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!