पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव में पुलिस ने अवैध रूप से नकली विदेशी शराब बनाने और उसकी खरीद-बिक्री के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री, स्प्रिट, खाली बोतलें, स्टिकर और तैयार शराब बरामद की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को 5 अगस्त को सूचना मिली थी कि करणघाटी गांव में जितेन साहा और तारेश साहा अपने घर के पीछे बनी झोपड़ी में अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार कर बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से रॉयल स्टैग ब्रांड के नाम से जुड़े 140 खाली कांच की बोतलें, बड़ी संख्या में नकली स्टिकर, सील स्टिकर, 150 प्लास्टिक ढक्कन, 20 बोतल भरी हुई शराब तथा करीब 20 लीटर स्प्रिट बरामद किया। बरामद सामग्री से स्पष्ट संकेत मिले कि यहां नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करणघाटी निवासी तारेश साहा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274/275 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), (बी) और (डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, इस मामले का दूसरा आरोपी जितेन साहा पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







