Search

September 6, 2026 8:21 pm

संत मोनिका पर्व पर गूंजा प्रार्थना और विश्वास का संदेश।

पाकुड़िया। मोंगलाबांध स्थित संत बियानी (आरसी रोमन कैथोलिक) चर्च, जुगुड़िया में रविवार को ईसाई समुदाय ने संत मोनिका पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर विशेष मिस्सा पूजा, प्रार्थना सभा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे चर्च फादर जूलियस हेम्ब्रम की अगुवाई में विशेष मिस्सा पूजा से हुई, जो दोपहर करीब दो बजे तक चला। दुमका धर्म प्रांत के बिशप स्वामी सनातन किस्कू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संत मोनिका के जीवन और संघर्षों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, विश्वास और निरंतर प्रार्थना से परिवार को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि संत मोनिका ने अपने पुत्र संत ऑगस्टीन के लिए वर्षों तक प्रार्थना और तपस्या की। उनके अटूट विश्वास और त्याग ने ऑगस्टीन के जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाया। बिशप ने वर्तमान समय में परिवारों में प्रेम, क्षमा, आपसी समझ, धैर्य और सेवा की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। मौके पर मार्कुश मुर्मू, एंड्रियस टुडू, संतोष टुडू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्च परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने संत मोनिका को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

img 20260906 wa00193371801510593240099
img 20260906 wa00223113345684253528550

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!