कायाकल्प के मानकों पर स्वास्थ्य संस्थानों की समीक्षा, कमियों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का निर्देश
पाकुड़। जिले के सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वच्छता, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पतालों में मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने वार्ड, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, शौचालय और अस्पताल परिसर में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने को कहा। संक्रमण नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन और जैव चिकित्सा कचरे का उचित निस्तारण करने का भी निर्देश दिया। बैठक में अस्पतालों में बिजली, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, चिकित्सा उपकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के रख-रखाव की भी समीक्षा हुई। डीडीसी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियां चिह्नित करने और उनका समयबद्ध तरीके से निराकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प के मानकों के अनुरूप सुधार की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जाए। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर जिम्मेदारी और समय-सीमा तय की जाए। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम, डीडीएम, कंसल्टेंट, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड लेखा प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।





