सुदीप कुमार त्रिवेदी
चैती नवरात्र व रामनवमी के पावन अवसर पर पाकुड़ जिला मुख्यालय के विभिन्न इलाकों एवं ग्रामीण इलाकों से अलग अलग संगठनों ने अपने अपने बैनर तले शक्ति प्रदर्शन करते हुए मोटरसाइकिल सवार बालिका विरांगनाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाला । इस दौरान पूरे मौके पर पुलिस प्रशासन पूर्णतः मुस्तैद दिखे । इस दौरान शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन को पूर्णतः बंद रखा गया । सर्वप्रथम पाकुड क्षेत्र के सीनाजोरी, धनुषपूजा व गोकुलपुर से रामभक्तों की टोली शोभायात्रा लेकर निकले । इसमे पहली बार ये देखा गया कि शहरी व ग्रामीण इलाकों से निकाली गई शोभायात्रा संयुक्त रूप से शामिल होकर पूरे नगर क्षेत्र के क्रमशः छोटी अलीगंज, भगतपाड़ा, हाटपाड़ा, राजापाडा, कालिताला, मद्यपाड़ा, ताँतीपाडा होते हुए गाँधी चौक पहुँचे। इस दौरान शहरी क्षेत्र के मुख्य चौक चौराहों पर शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों के लिए शर्बत व शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा व रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन भी चुस्त दिखा । शहर के हर एक चौक चौराहों पर आरक्षी बल तैनात दिखे । संपूर्ण शहर के हर गली चौक चौराहों से गुजरने वाले शोभायात्रा व रामनवमी जुलूस का महिला व पुरुषों ने जोरदार स्वागत किया । इस दौरान जयघोष के नारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा ।








