राजकुमार भगत
पाकुड़। रविवार को खाटू श्याम जयंती के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिव शीतला मंदिर प्रांगण से श्री श्याम सेवा मंडल की ओर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। पूरा शहर “श्याम तेरी जय हो” के जयकारों से गूंज उठा।
प्रभु खाटू श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुरोहितों द्वारा की गई। श्रद्धालुओं ने पुष्प और नाना प्रकार के व्यंजन अर्पित कर भगवान से आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया — दीपों और फूलों से सजा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया। निशान यात्रा शिव शीतला मंदिर से प्रारंभ होकर हिरण चौक, अंबेडकर चौक, गांधी चौक, खुदीराम बोस चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, वहीं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया। यात्रा में सजाई गई आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाहर से आए कलाकारों ने प्रभु श्याम से जुड़े प्रसंगों पर मनमोहक झांकियां और नृत्य प्रस्तुत किए। वातावरण भक्ति गीतों और श्याम नाम के जयकारों से गुंजायमान रहा।।कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप टेबड़ीवाल, विनोद टेबड़ीवाल, पूरण डोकानिया, निर्मल टेबड़ीवाल, मोहन टेबड़ीवाल, संजू टेबड़ीवाल, योगेंद्र टेबड़ीवाल सहित पूरे श्री श्याम सेवा मंडल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। शहर में ऐसा भक्ति उत्सव लंबे समय बाद देखने को मिला, जहां हर गली श्याम नाम से गूंज रही थी और हर चेहरे पर आस्था की चमक झलक रही थी।











