Search

August 25, 2026 10:55 pm

खनिज विधेयक पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, कहा- झारखंड के हक से समझौता नहीं।

‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा, सांसदों से मांगा स्पष्ट रुख।

पाकुड़। खनन एवं खनिज संशोधन विधेयक, 2026 और ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर पहला अधिकार यहां की जनता का है। राज्य के हितों को प्रभावित करने वाला कोई भी फैसला कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था में खनिज संसाधनों की अहम भूमिका है। खनिजों से मिलने वाला राजस्व राज्य के विकास की योजनाओं में खर्च होता है। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनहित के कार्यों को इसी संसाधन से मजबूती मिलती है। ऐसे में खनन एवं खनिज संशोधन विधेयक, 2026 के प्रावधानों को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित विधेयक के जरिए झारखंड के अधिकार और राजस्व को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की है और इससे मिलने वाले राजस्व का लाभ भी राज्य की जनता को मिलना चाहिए।

भाजपा सांसदों से पूछा- झारखंड के हित में किसके साथ खड़े हैं?

प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने झारखंड के भाजपा सांसदों को भी घेरा। नेताओं ने सांसदों से विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि यदि भाजपा सांसद वास्तव में झारखंड, गरीबों, विद्यार्थियों और राज्य के विकास के हित में हैं, तो उन्हें संसद में राज्य के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठानी चाहिए।

‘चंदा चोरी’ को लेकर भी सरकार पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे को उठाते हुए राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता की मांग की। कहा कि जनता को राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे और उससे जुड़ी व्यवस्था की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और कथित मनमानी को जनता के सामने लाना जरूरी है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि खनिज और चंदे से जुड़े दोनों मुद्दों को कांग्रेस जनता के बीच लेकर जाएगी। पार्टी का उद्देश्य झारखंड के अधिकारों, संसाधनों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनसमर्थन तैयार करना है। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला उपाध्यक्ष राजू डोकानिया सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!