Search

September 10, 2026 10:47 pm

व्यापारियों को मिले छोटे सिक्के, साइबर ठगी से बचाव का भी दिया संदेश।

चैंबर और एसबीआई की पहल से बाजार में छुट्टे पैसों की समस्या होगी कम

पाकुड़। बाजार में छुट्टे पैसों की समस्या से जूझ रहे दुकानदारों को राहत देने के लिए पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और भारतीय स्टेट बैंक ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के करीब 350 दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को छोटे मूल्यवर्ग के सिक्के उपलब्ध कराए गए। साथ ही व्यापारियों और आम लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। एसबीआई मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार और श्रवण कुमार सिन्हा के सहयोग से वित्तीय साक्षरता सलाहकार दिलीप गुप्ता, चैंबर अध्यक्ष निर्मल जैन, गोपेश अग्रवाल और सचिव संजीव कुमार खत्री के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार, हरिणडांगा बाजार, रेलवे गेट, सब्जी मंडियों और चौक-चौराहों पर पहुंचकर व्यापारियों को सिक्के उपलब्ध कराए।फल-सब्जी विक्रेताओं, ठेला-रेहड़ी संचालकों, मिठाई दुकानदारों, जनरल स्टोर संचालकों समेत अन्य छोटे कारोबारियों को सिक्के दिए गए। चैंबर अध्यक्ष निर्मल जैन ने कहा कि छुट्टे पैसों की कमी के कारण दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को परेशानी होती है। इस पहल से रोजमर्रा के लेन-देन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए चैंबर आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखेगा। सचिव संजीव कुमार खत्री ने कहा कि छोटे सिक्कों की उपलब्धता से लेन-देन आसान होगा और छुट्टे को लेकर होने वाली अनावश्यक परेशानी कम होगी।

साइबर ठगी से बचने की भी दी सलाह

अभियान के दौरान एसबीआई और चैंबर की टीम ने व्यापारियों को ऑनलाइन बैंकिंग में सावधानी बरतने की सलाह दी। OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध कॉल व मैसेज से सावधान रहने की अपील की गई। टीम ने व्यापारियों को संदेश दिया—“आपका बैंक खाता आपकी पूंजी है, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।”

img 20260910 wa00272406936350073388800
img 20260910 wa00262960698634493283582

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!