अक्षय कुमार
रामगढ़। उपायुक्त, रामगढ़ के निर्देशानुसार दिनांक 10 सितंबर 2026 को निष्ठा DDU-KK प्रशिक्षण केंद्र, रामगढ़ का निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण का अनुपालन जिला कौशल पदाधिकारी, रामगढ़ द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्र में कुल 08 प्रशिक्षण बैच संचालित पाए गए। जिला कौशल पदाधिकारी द्वारा केंद्र में संचालित कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों के लिए की गई अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा का भी निरीक्षण किया गया।

इस क्रम में केंद्र प्रबंधक, प्रशिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों से प्रशिक्षण केंद्र के संचालन, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।निरीक्षण के दौरान GDA (General Duty Assistant) प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण एवं विषयगत ज्ञान का आकलन किया गया।प्रशिक्षणार्थियों से CPR, रक्तचाप (BP) मापने, बुखार मापने एवं हाथ धोने की विभिन्न विधियों सहित प्रशिक्षण के दौरान पढ़ाए गए अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही उनके द्वारा BP मापने की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षण केंद्र में संचालित प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षणार्थियों की सीखने की स्थिति, आधारभूत सुविधाओं, प्रयोगशाला व्यवस्था एवं भोजन की गुणवत्ता का जायजा लेना तथा कौशल विकास कार्यक्रम के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा कौशल विकास से संबंधित प्रशिक्षण केंद्रों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्रवाई की जा रही है।





