Search

October 25, 2026 9:32 pm

नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, शोभायात्रा के बाद छठ पोखर में विसर्जित हुई प्रतिमा

महिलाओं ने निभाई सिंदूर खेला की परंपरा, उत्तर बंगाल की महिला डमरू टीम की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर में शनिवार को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ ही दुर्गोत्सव का समापन हो गया। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित विसर्जन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
विसर्जन से पहले महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर महिलाओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद पूजा पंडाल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो हिरणपुर बाजार और नामोपाड़ा होते हुए सुंदरपुर पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान उत्तर बंगाल से आई प्रसिद्ध महिला डमरू टीम की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। डमरू की थाप, भक्ति गीतों और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। अंत में सुंदरपुर स्थित स्वर्गीय विभूति भूषण छठ पोखर में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। स्थानीय प्रशासन की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां दुर्गा के आगमन की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी।

IMG 20261025 WA0013

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!