Search

October 16, 2026 11:31 am

पाकुड़ में रेलवे भर्ती की तैयारी को मिला नया मंच, सैकड़ों युवाओं ने दी मॉक परीक्षा

एंडेवर एकेडमी में दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा, उत्तर कुंजी से अभ्यर्थियों ने परखी अपनी तैयारी।

पाकुड़। रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे पाकुड़ जिले के सैकड़ों युवाओं ने गुरुवार को एंडेवर एकेडमी में आयोजित मॉक परीक्षा में भाग लिया। बिरसा मुंडा शिक्षण संस्थान परिसर स्थित एकेडमी में रेलवे भर्ती बोर्ड की गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी) की परीक्षा की तैयारी को लेकर यह आयोजन किया गया। बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एंडेवर एकेडमी में संस्थान के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में मॉक परीक्षा आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा दो पालियों में निर्धारित की गई। पहली पाली सुबह आठ से दस बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन से पांच बजे तक निर्धारित थी। एकेडमी प्रबंधन के अनुसार, मॉक परीक्षा का उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक भर्ती परीक्षा के प्रारूप से परिचित कराना और उनकी तैयारी का आकलन करना था। प्रश्नपत्र रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा के नवीनतम पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रारूप पर आधारित रखा गया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि पाकुड़ में ही इस तरह की तैयारी और अभ्यास परीक्षा की सुविधा मिलने से उन्हें दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इससे समय और खर्च की बचत के साथ अपनी तैयारी को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है।
संस्थान के निदेशक विकास तिवारी ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अपने उत्तरों का मिलान कर अपनी तैयारी और क्षमता का आकलन कर सकें। उन्होंने कहा कि एकेडमी का लक्ष्य पाकुड़ के अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर सरकारी नौकरी पाने में मदद करना है। मौके पर संस्थान के शिक्षक प्रिंस प्रकाश सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

IMG 20261015 WA0014
IMG 20261015 WA0013 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!