जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
पलामू / मेदिनीनगर: डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने विधानसभा सत्र के दौरान पलामू में फैले भ्रष्टाचार को लेकर सरकार और प्रशासन पर जोरदार हमला बोला। सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के चैनपुर ब्लॉक, चैनपुर अंचल, सदर मेदिनीनगर, भंडरिया, रामगढ़ बड़गड़ और सतबरवा अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ चुका है कि आम जनता का काम बिना घूस के होना लगभग नामुमकिन हो गया है।
विधायक ने तीखे शब्दों में कहा कि जिन दफ्तरों को जनता की सेवा का केंद्र होना चाहिए था, वे आज दलालों और भ्रष्ट तंत्र का अड्डा बनते जा रहे हैं। जमीन से जुड़े काम, दाखिल-खारिज, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं के नाम पर आम लोगों को महीनों तक भटकाया जाता है।
उन्होंने सदन में सवाल उठाया कि आखिर गरीब और आम जनता कब तक इस भ्रष्ट व्यवस्था की मार झेलती रहेगी? विधायक ने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की विशेष जांच टीम से निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि अगर प्रशासन में बैठे भ्रष्ट लोगों पर जल्द लगाम नहीं लगाई गई, तो यह मुद्दा और भी जोरदार तरीके से जनता के बीच उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पलामू की जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ लगातार बुलंद होती रहेगी।








