अमड़ापाड़ा: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अमड़ापाड़ा बाजार क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। यह अभियान अंचल अधिकारी औसाफ अहमद खां और थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में चलाया गया। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार चौक, दुर्गा मंदिर मार्ग सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने आम लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। मार्च के दौरान प्रशासन ने मुख्य बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए शेड और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे कल सुबह तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी। अभियान के दौरान एसआई पप्पू कुमार, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में गश्ती एवं निगरानी बनाए रखी गई।







