Search

April 8, 2026 9:51 pm

डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न

1 मई से घर-घर सर्वे शुरू, 34 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी।

पाकुड़। जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। पहले चरण को सफल बनाने के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सूचना भवन सभागार में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले के वरीय अधिकारियों एवं जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने बताया कि जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना 1 मई से 30 मई 2026 तक की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना होगी। इसके लिए प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, तकनीकी उपयोग और सर्वे से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। बताया गया कि पहले चरण में 34 सवालों के माध्यम से मकानों की स्थिति, निर्माण सामग्री और सुविधाओं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल व वाहन आदि की जानकारी जुटाई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद निर्धारित समय में घर-घर सर्वे का कार्य शुरू होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!