अक्षय कुमार
रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा अंतर्गत कुंदरू स्थित माथाबगीचा ग्राउंड एवं चाहा ग्राउंड में सोमवार को रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल ने युवाओं के बीच क्रिकेट किट एवं फुटबॉल का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने दोनों मैदानों का निरीक्षण कर वहां नियमित रूप से अभ्यास करने वाले युवाओं से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ज्ञात हो कि माथाबगीचा ग्राउंड एवं चाहा ग्राउंड में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवा होमगार्ड, सेना, पुलिस तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी करते हैं। इसके बावजूद इन मैदानों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे युवाओं को अभ्यास के दौरान कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस अवसर पर राजीव ल जायसवाल ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। जो युवा आज मैदान में पसीना बहा रहे हैं, वही आने वाले समय में देश और समाज की सेवा करेंगे। ऐसे प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं को संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

उनकी हर संभव मदद और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के मार्गदर्शन में क्षेत्र के युवाओं को खेल, शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन भी है। इसलिए युवाओं को बेहतर खेल सामग्री एवं अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। श्री जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के जिन स्थानों पर युवा नियमित रूप से खेलकूद एवं शारीरिक तैयारी करते हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रतिभाशाली युवा का सपना केवल सुविधाओं के अभाव में अधूरा न रह जाए। क्रिकेट किट एवं फुटबॉल मिलने पर युवाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री जायसवाल एवं सांसद मनीष जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा कुमारी सहित सैकड़ों की संख्या में युवा उपस्थित रहे।






