अक्षय कुमार
रामगढ़। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर आज बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में कसमार और जरीडीह पूजा पंडालों का निरीक्षण एवं फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान जरीडीह अंचलाधिकारी ,थाना प्रभारी कसमार कुंदन कुमार , जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। अधिकारियों ने कसमार और जरीडीह क्षेत्र अंतर्गत सभी प्रमुख पूजा पंडालों का बारी-बारी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंडाल की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जायजा लिया।

एसडीएम मनोज कुमार एवं एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं संबंधित थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अश्लील गानों पर रोक, नाबालिक वाहन चालकों पर निगरानी रहेगी और वहीं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। सभी पंडालों में प्रवेश व निकास द्वार अलग-अलग रखने, पर्याप्त रोशनी और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने एवं पूजा के विरुद्ध पार्किंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा क्षेत्र के लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई। छपरी एवं लहरिया कट मरने वालों पर पुलिस की लाठी मौके पर ही चलेगी। मौके पर पूजा समिति के सदस्य व पुलिस बल शामिल रहे।






