नेमरा पहुंच जिला परिषद अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से मिलकर जताई संवेदना।
पाकुड़/ जिला परिषद अध्यक्ष जूली हेंब्रम ने शुक्रवार को नेमरा गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जूली हेंब्रम ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वह झारखंड आंदोलन के संघर्षपूर्ण दौर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की मजबूत सहयोगी बनकर उनके साथ खड़ी रहीं। महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष से लेकर अलग झारखंड राज्य के निर्माण तक उन्होंने आंदोलन को करीब से देखा और हर परिस्थिति में गुरुजी का साथ दिया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का त्याग, समर्पण और संघर्ष झारखंड आंदोलन के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनका योगदान झामुमो कार्यकर्ताओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके निधन से झामुमो परिवार सहित पूरा राज्य मर्माहत है। जिला परिषद अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके पति सुशील मुर्मू भी मौजूद रहे।






