राजकुमार भगत
पाकुड़ में सावन के पवित्र महीने में सत्य सनातन संस्था की ओर से सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न शिवालयों में निःशुल्क सेवा शिविर लगाकर शिवभक्तों के बीच बेलपत्र, कच्चा दूध, गंगाजल सहित अन्य पूजन सामग्री का वितरण किया गया। भगतपाड़ा शिव मंदिर, कूड़ापाड़ा स्थित नागेश्वरनाथ शिव मंदिर, दूधनाथ मंदिर और रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में संस्था के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सेवा की।
संस्था के अध्यक्ष रंजीत कुमार चौबे ने बताया कि पिछले छह वर्षों से सावन के दौरान लगातार यह सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराना और उनकी सेवा करना है। संस्था के इस पहल की शिवभक्तों ने सराहना की। सदस्यों ने बताया कि सावन के पूरे महीने श्रद्धालुओं की सेवा का सिलसिला जारी रहेगा।







