ग्राम सेवा कार्यक्रम के तहत प्रवाह संस्था की पहल, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिला बढ़ावा।
एस कुमार
महेशपुर/पाकुड़ : ग्राम सेवा कार्यक्रम के तहत देवीनगर ग्राम पंचायत में बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना है। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण पहल के अंतर्गत 30 बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने से अब बालिकाओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा होगी और दूर स्थित विद्यालयों तक पहुँचने में आने वाली समस्याएं काफी हद तक कम होंगी। इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। इसके अलावा शैक्षणिक पहल के तहत 15 बालिकाओं को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई, ताकि वे अपनी पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर सकें और अपने शैक्षणिक लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। यह कार्यक्रम प्रवाह संस्था (PRAVAH Organization) के द्वारा आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रवाह संस्था के सचिव दिलीप कुमार और देवीनगर के उपमुखिया जाहूर आलम ने बालिकाओं को साइकिल और छात्रवृत्ति प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार को नई दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम सेवा टीम के सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समुदाय की भागीदारी के महत्व पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के आत्मविश्वास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देवीनगर ग्राम पंचायत में आयोजित यह पहल बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








