चांदपुर चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग का जागरूकता अभियान, वर्दी से लेकर सुरक्षित यात्री चढ़ाने-उतारने तक के नियम समझाए।
पाकुड़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने चांदपुर चेकपोस्ट स्थित ऑटो-टोटो स्टैंड पर चालकों को जागरूक किया। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में चालकों को सुरक्षित वाहन परिचालन, वैध दस्तावेज, निर्धारित वर्दी और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। वाहन का वैध पंजीकरण, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और स्पष्ट नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, ऑटो-टोटो चालकों को नीली और टेंपो चालकों को खाकी वर्दी पहनकर वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों की सुरक्षा और शहर में जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए चालकों से निर्धारित पड़ाव पर ही वाहन रोकने तथा सड़क की बाईं ओर सुरक्षित स्थान पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की अपील की गई। उन्हें यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और यातायात बाधित करने से बचने की भी हिदायत दी गई। परिवहन विभाग की ओर से चालकों को हिट एंड रन मामलों में मुआवजे, प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना और नेक नागरिक योजना की जानकारी भी दी गई। दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने और प्राथमिक उपचार के महत्व को समझाते हुए पंपलेट वितरित किए गए। विभाग ने चालकों से यातायात नियमों का नियमित पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।






