Search

February 27, 2026 4:11 am

मानवता से बड़ी कोई सच्ची सेवा नहीं,कोई पूजा नहीं – कालीचरण ( सांसद चतरा )

क्षेत्र की जनता के सुख दुःख में साथ रहना मेरा नैतिक कर्तव्य।

Also Read: E-paper 10-02-2026

संजय कुमार गुप्ता
पांकी / पलामू
मानवता से बड़ी कोई सच्ची सेवा नहीं, कोई पूजा नहीं
इस कथन को चरितार्थ करते हुए चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि यदि संवेदनशील हों तो समाज में, क्षेत्र में सकारात्मक संदेश स्वतः फैलता है। चतरा सदर प्रखंड अंतर्गत पीतिज के समीप घटी एक सड़क दुर्घटना में ऑटो रिक्शा से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को देखकर सांसद ने बिना किसी देरी के मानवीय दायित्व निभाया और तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचाने की दिशा में त्वरित कदम उठाए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,पीतिज के पास अचानक हुए सड़क हादसे में एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर आसपास के लोग असमंजस में थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सांसद कालीचरण सिंह की नजर घायल पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और अपने स्तर से समुचित व्यवस्था कर घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल, चतरा भिजवाया।

सांसद द्वारा की गई इस त्वरित पहल से घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल का इलाज शुरू किया और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण घायल की हालत में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सांसद कालीचरण सिंह की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि अक्सर सड़क दुर्घटनाओं में समय पर सहायता न मिलने के कारण जान चली जाती है, लेकिन सांसद ने जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पहल की, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। स्थानीय नागरिकों ने इसे एक जनप्रतिनिधि का सच्चा धर्म बताया।

इस अवसर पर सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। यदि हमारे सामने कोई घायल या जरूरतमंद है, तो उसकी मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी बनती है। जनप्रतिनिधि होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है कि संकट में पड़े लोगों के लिए आगे आऊं।”

सांसद की इस मानवीय पहल से न सिर्फ घायल व्यक्ति के परिजनों को राहत मिली, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी गया कि संवेदनशील नेतृत्व आज भी मौजूद है। ऐसे जनप्रतिनिधि ही समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं, जो न केवल विकास की बात करते हैं, बल्कि ज़रूरत के समय मानवीय मूल्यों को भी सर्वोपरि रखते हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर