पुलिस की तत्परता से आरोपी युवक हिरासत में।
अमड़ापाड़ा /पाकुड़: थाना क्षेत्र से 27 जनवरी को लापता हुई दो सगी नाबालिग बहनों को अमड़ापाड़ा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की विशेष टीम रविवार को दोनों छात्राओं और आरोपी युवक को लेकर अमड़ापाड़ा थाना पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद बच्चियों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), पाकुड़ को सौंप दिया गया। दोनों बहनों के लापता होने के बाद परिजनों ने थाना में कांड संख्या 03/26 दर्ज कराया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 29 जनवरी को ही दोनों बच्चियों की लोकेशन आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में ट्रैक कर ली थी। इसके बाद एसआई पप्पू कुमार और एसआई कविंद्र मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम आंध्र प्रदेश भेजी गई। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा लगातार टीम के संपर्क में रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।
युवक भी हिरासत में, पूरे मामले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग बहनें एक ही युवक के साथ घर से निकली थीं। आरोपी युवक को भी हिरासत में लेकर अमड़ापाड़ा लाया गया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि बच्चियों को दूसरे राज्य ले जाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
परिजनों ने ली राहत की सांस, पुलिस की तत्परता की सराहना
बच्चियों के लापता होने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल था और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध भी जताया था। एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए देश के दूसरे कोने से दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चियों की सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





