पाकुड़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर के छोटी अलीगंज स्थित चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण में भव्य ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा, शंखनाद और हरिनाम संकीर्तन से हुई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्य वक्ता संघ प्रचारक अजय कुमार ने समाज को ‘पंच प्रण’—पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्व का बोध, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए समाज में एकता और आपसी सद्भाव जरूरी है। सम्मेलन में पाकुड़ नगर के साथ गोपीनाथपुर, गुलदाहा और नवी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को आकर्षित किया। कार्यक्रम के अंत में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।







