गांधी चौक पर डीपीएस की बस ने स्कूटी सवार को कुचला, चालक फरार
सड़कें जाम, थाना और स्कूल के बाहर हंगामा, पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ छोड़े आंसू गैस
वार्ता के बाद 5 लाख मुआवजा, नौकरी और पेंशन के आश्वासन पर खुला शहर
पाकुड़: शहर के गांधी चौक के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद पूरे पाकुड़ में हालात बेकाबू हो गए। तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक मृदुल कुमार चंद्र (22) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तलवाडांगा का रहने वाला था। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाद में पता चला कि बस दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की थी।
शहर में फैला आक्रोश, बाजार बंद
घटना की खबर फैलते ही लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने गांधी चौक, रेलवे फाटक, बस स्टैंड, भगतपाड़ा, हाटपाड़ा और बड़ी अलीगंज समेत कई इलाकों में दुकानें बंद करवा दीं। जगह-जगह सड़क जाम कर दी गई। प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की और एंबुलेंस को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे आम लोगों को भारी परेशानी हुई।
थाना के बाहर नारेबाजी, आगजनी
गुस्साई भीड़ नगर थाना पहुंची। वहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और थाना के सामने आगजनी भी हुई। इसी दौरान जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि हादसा डीपीएस की बस से हुआ है, सैकड़ों लोग स्कूल की ओर बढ़ गए।
स्कूल के गेट बंद, घुसने की कोशिश
स्थिति बिगड़ती देख स्कूल प्रबंधन ने दोनों गेट बंद कर दिए। स्कूल गेट के बाहर प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह स्कूल प्रबंधन के खिलाफ था और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की कोई मंशा नहीं दिखी।
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस, किया लाठीचार्ज
सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात नहीं संभले। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। आंसू गैस और बल प्रयोग के बाद भीड़ तितर-बितर हुई। स्कूल में मौजूद सभी बच्चे सुरक्षित रहे, लेकिन इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ साइमन मरांडी, एसडीपीओ डीएन आजाद, सीओ अरविंद कुमार बेदिया समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजन पहले 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे, जिस पर प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के साथ लंबी वार्ता चली।
क्या है मामला
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे गांधी चौक के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार मृदुल कुमार चंद्र को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक बस लेकर फरार हो गया। डीपीएस की बस होने की पुष्टि के बाद शहर में तनाव फैल गया।
वार्ता के बाद हटा जाम
डीपीएस स्कूल के पास हुए हंगामे के बाद प्रशासन, स्कूल प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच सहमति बनी। तय हुआ कि पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा, मृतक की बहन को डीपीएस में नौकरी और पिता को पेंशन दी जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शहर में जाम हटा लिया गया।एसडीओ साइमन मरांडी ने कहा कि फरार बस चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












