राजकुमार भगत
पाकुड़ । चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच त्याग और बलिदान का महा पर्व ईद उल अजहा जिला मुख्यालय सहित जिले भर के ईदगाह व मस्जिदों में अत्यंत ही हर्षोल्लास और आनंद पूर्ण वातावरण में मनाया गया। कहीं से किसी अप्रिय घटना की समाचार नहीं है। शहर के तांतीपाड़ा ईदगाह, हरिणडांगा मस्जिद,ताजिया चौक, हाटपाडा़, चेंगाडांगा, सितापहाड़ी, इलामी, संग्रामपुर, चांचकी, अंजना, भवानीपुर, चांदपुर, रहसपुर सहित सभी ईदगाहों व मस्जिदों में समय से नमाज अदा की गई।नमाजियों की भीड़ सुबह से अपने सुसज्जित वेशभूषा में ईदगाहों में एकत्रित हुए एवं शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में नियम पूर्वक अपनी नमाज अदा की। चेंगाडांगा स्थित ईदगाह में इमाम मुफ्ती मजीबुर रहमान मजहारी ने ईद-उल-अजहा का नमाज अदा कराई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा कर अल्लाह से रहमतों की बारिश व देश में अमन व शांति की दुआएं मांगी। नमाज अदा होने के पश्चात बच्चे जवान बुजुर्ग सभी एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।जामे अतरिया हरिणडांगा जुम्मा मस्जिद के इमाम मौलाना अंजार कासमी ने बताया कि कुर्बानी से इंसान की आजमाइश होती है। अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी के लिए तैयार रहना चाहिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यवस्थित नमाज अदा की गई।सुरक्षा को लेकर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किये गए थे। थाना प्रभारी मनोज कुमार एवं एसडीपीओ अजीत कुमार विमल सुबह से भी काफी सक्रिय दिखे। शहर के सभी चौक चौराहा एवं स्थान विशेष पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।














